देहरादून: देहरादून में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है।
मृतकों की पहचान जतिन पुत्र तिलकराज निवासी फरीदपुर मंडुवाला फतेहपुर सहारनपुर उम्र 17 वर्ष और संदीप कुमार पुत्र रामलाल निवासी अहलवालपुर चरथावल मुजफ्फरनगर उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक देहरादून से सहारनपुर की तरफ जा रहे थे। वही, ट्रक सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रहा था। तभी अचानक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि युवकों की मौके पर मौत हो गई थी। उनके परिजनों को सूचित कर दिया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक अंबाला से सामान लेकर देहरादून जा रहा था। पुलिस के अनुसार, ट्रक ड्राइवर पूरी तरह से ठीक है।










