हरिद्वार: Tokyo Olympics2020 में भारतीय महिला हॉकी टीम की हार के बाद पटाखे जलाने को लेकर वंदना कटारिया के गांव रोशनाबाद में बवाल हो गया है। हरिद्वार पुलिस ने पटाखे जलाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। इंडिया की स्टार फारवर्ड खिलाड़ी वंदना कटारिया के परिजनों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। बुधवार को महिला हॉकी टीम भारत और अर्जेंटीना के बीच हुए मुकाबले में भारत 2-1 से हार गई। आरोप है कि भारत के हारते ही वंदना कटारिया के गांव में कुछ लड़कों ने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। वंदना कटारिया के परिजनों को इस बात की जानकारी मिलते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने हंगामा देख एक युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोप है कि हार के बाद युवक और उसके साथियों ने पटाखे जलाये थे। उधर वंदना कटारिया के परिजनों ने कहा है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। वंदना कटारिया के भाई सौरभ कटारिया ने कहा कि दोनों युवक उनके परिवार से ईर्ष्या रखते है। युवक पर कई गई गंभीर आरोप भी परिजनों ने लगाये है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here