देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की वर्षा ने फिर जोर पकड़ लिया है। खासकर देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित है।

दून में सड़कों और चौराहों पर जलभराव से आवाजाही में दिक्कतें पेश आईं। जबकि, रायपुर स्थित स्टेडियम में होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट प्रतियोगिता का मुकाबला भी रद हो गया।

उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में भी वर्षा के कारण दुश्वारियां बनी हुई हैं। कई प्रमुख मार्गों पर भूस्खलन के चलते आवाजाही बार-बार बाधित हो रही है। जिससे चारधाम यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है।

बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही बादलों और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारों का दौर शुरू हुआ।

दून में शाम को करीब साढ़े तीन बजे झमाझम वर्षा शुरू हुई जो कि देर रात तक जारी रही। इससे शहर के तमाम चौक-चौराहे जलमग्न हो गए।

नदी-नालों के उफान पर आने से किनारे बसे लोग भी खतरे की जद में आ गए।

चंद्रबनी चोयला में बरसाती नाले का पानी सड़कों पर आने से आवाजाही ठप हो गई।

उधर, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में कई स्थानों पर भूस्खलन से मार्ग बाधित हुए। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच भारी भूस्खलन होने से कई घंटे अवरुद्ध रहा। इस दौरान सुनगर व गंगनानी में फंसे करीब डेढ़ हजार तीर्थयात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला जोशीमठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग सलधार के पास कई बार बाधित होता रहा। गौरीकुंड हाईवे भी फाटा के पास घंटों बंद रहा। इसके अलावा कुमाऊं में भी सीमांत क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

मौसम का मिजाज गुरुवार भी बदला रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बन रहे हैं। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जबकि, कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here