देहरादून : भाजपा ने केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के नामों का पैनल केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दिया है। पैनल में पूर्व विधायक आशा नौटियाल, कर्नल अजय कोठियाल कुलदीप रावत और पूर्व विधायक स्वर्गीय शैला रानी रावत की बेटी ऐश्वर्या रावत समेत कुछ और नाम शामिल हैं।

रुद्रप्रयाग जिला संगठन के माध्यम से पैनल में नौ नाम भेजे गए। प्रदेश संसदीय बोर्ड की वर्चुअल बैठक में पैनल में आए नामों पर चर्चा हुई। वर्चुअल बैठक में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सीएम पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व सांसद शामिल हुए। पैनल में आए सभी नामों पर क्षेत्रीय, सामाजिक एवं सांगठनिक पहलुओं पर विस्तार से विमर्श हुआ।

बोर्ड के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से छह नामों को केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजने का निर्णय लिया। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक, बोर्ड ने प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को संभावित उम्मीदवारों के नामों के इस पैनल को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए अधिकृत किया।

 

प्रदेश संसदीय बोर्ड को रुद्रप्रयाग जिले से पैनल में नौ नाम भेजे गए, जिनमें पूर्व विधायक आशा नौटियाल, ऐश्वर्या रावत, दायित्वधारी चंडी प्रसाद भट्ट, कुलदीप रावत, कर्नल अजय कोठियाल, पूर्व दायित्वधारी दिनेश बगवाड़ी, राष्ट्रीय संगठन में रहे कुलदीप आजाद नेगी, संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष शकुंतला जगवाण और पंकज भट्ट के नाम भी भेजे गए थे।

पार्टी संगठन बूथ एवं पन्ना स्तर तक चुनाव लड़ने और रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह तैयार है। शीघ्र ही पैनल के नामों पर विचार कर केंद्रीय नेतृत्व पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार का नाम घोषित कर देगा। इसके बाद हम अपनी चुनावी रणनीति के अगले चरण को अंतिम रूप देने आरंभ कर देंगे।

– महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

अब देखना होगा कि बीजेपी शीर्ष नेतृत्व किस नाम पर अपनी सहमति जताता है क्योंकि जिस तरीके से भाजपा पहले ही उत्तराखंड में दो उपचुनाव हार चुकी है। उसके बाद भारतीय जनता पार्टी अब कोई भी ऐसी गलती नहीं करना चाहती है जिससे उसको बैकफुट पर आना पड़े। क्योंकि जिस तरीके से केदारनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास लगाव भी देखा जाता है और आध्यात्मिक तौर पर केदारनाथ से देश विदेश से लोग अपनी आस्था रखते हैं। तो ऐसे में बीजेपी केदारनाथ को लेकर कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है।

जहां एक और दिवंगत विधायक शैला रानी रावत की बेटी ऐश्वर्या रावत की दावेदारी है तो वहीं कुलदीप रावत जो कि दो बार निर्दलीय चुनाव लड़ अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। तो वहीं केदारनाथ से खास लगाव रखने वाले केदारनाथ पुनर्निर्माण के हीरो कर्नल अजय कोठियाल को भी मजबूत दावेदार के रूप में केदारनाथ में देखा जा रहा है। और जिस तरीके से केदारनाथ में व्यापारियों व आम जनमानस में आक्रोश जैसी स्थिति देखी जा रही  है। तो वहीं पार्टी कर्नल अजय कोठियाल को भी केदारनाथ में आगे कर सकती है। बरहाल अब देखना होगा की पार्टी अपने किस नेता पर विश्वास जता केदारनाथ रण में उतारती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here