देहरादून :बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले को लेकर लगातार राजनीतिक बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी संगठन इस मुद्दे को लेकर आक्रामक नजर आ रहे हैं।
गुरुवार सुबह यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाज़ी करते हुए कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक के पास स्थित बीजेपी महानगर कार्यालय की ओर कूच किया।
हालांकि, पुलिस ने कनक चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस की प्रदेश महासचिव कविता माही, एनएसयूआई की रिया राणा और कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी बैरिकेडिंग पार कर बीजेपी कार्यालय के नज़दीक पहुंच गईं, लेकिन महिला पुलिस ने उन्हें रोककर वापस ले आया।
काफी देर चले हंगामे के बाद सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार अंकिता भंडारी मामले में न्याय देने में विफल रही है, जबकि पुलिस प्रशासन स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने की बात कह रहा है।










