नई दिल्ली | जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को सेना की गाड़ी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा भद्रवाह–चांबा मार्ग पर खानी टॉप इलाके के पास उस समय हुआ, जब सेना का बुलेट प्रूफ वाहन 17 जवानों को लेकर ऊंचाई वाले पोस्ट की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल जवानों को हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि देश को अपने वीर सपूतों की शहादत पर गर्व है।
फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here