देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है। टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच की गई थी।

महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और निर्धारित नियमों का पालन न किए जाने की बात उजागर हुई। रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने पर महानिदेशक की संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री ने यह कड़ा कदम उठाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम धामी के इस फैसले को प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here