उखीमठ: पंचकेदार में प्रमुख भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल केदारनाथ धाम को इस महाशिवरात्रि पर अपना 325वां रावल मिलने जा रहा है। वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद के लिए शिवाचार्य 42 वर्षीय शांति लिंग (केदार लिंग) को उत्तराधिकारी घोषित किया है।
बताया गया कि 70 वर्षीय रावल भीमाशंकर लिंग ने महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित अपने मठ में लिखित बयान जारी करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य कारणों से अब रावल पद की जिम्मेदारियां निभाने में असमर्थ हैं। इसलिए उन्होंने अपने शिष्य शिवाचार्य शांति लिंग (केदार लिंग) को उत्तराधिकारी चुना है।
इस घोषणा की विधिवत पुष्टि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में की जाएगी। इस दौरान कपाट खुलने की तिथि की घोषणा भी की जाएगी। कार्यक्रम में डंगवाड़ी, भटवाड़ी, चुनी-मंगोली, किमाणा और पचौली डुंगर सेमला के हक-हकूकधारी एवं दस्तूरधारी ग्रामीणों की मौजूदगी रहेगी।







