देहरादून: उत्तराखंड शासन ने विद्यालयी शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अपर शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल को पदोन्नत कर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बना दिया है। अब तक वह विभाग में प्रभारी निदेशक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन पदोन्नति के बाद उन्हें स्थायी रूप से विभाग की कमान सौंप दी गई है।

अजय कुमार नौडियाल लंबे समय से अपर शिक्षा निदेशक के पद पर रहते हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उनका प्रमोशन काफी समय से लंबित था। पदोन्नति चयन समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन ने उन्हें स्थायी रूप से निदेशक प्रारंभिक शिक्षा नियुक्त कर दिया है।

शासन स्तर से जारी आदेश के अनुसार उत्तराखंड राज्य शैक्षिक सेवा के निदेशक के रिक्त पद के सापेक्ष चयन समिति की संस्तुति के आधार पर यह पदोन्नति दी गई है। शिक्षा सचिव रविनाथ रमन द्वारा जारी आदेश में नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने की बात कही गई है।

विधायक विवाद के बाद चर्चा में आए थे

अजय कुमार नौडियाल हाल ही में एक विवाद के बाद प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गए थे। रायपुर से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर प्रभारी निदेशक के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे थे। घटना के वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें कार्यालय परिसर में धक्का-मुक्की की तस्वीरें दिखाई दी थीं।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। कई संगठनों ने विरोध दर्ज कराते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी। मामला बढ़ने पर विधायक की ओर से सार्वजनिक रूप से खेद भी व्यक्त किया गया था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here