देहरादून |
चारधाम यात्रा से ठीक पहले बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। समिति के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) विजय प्रसाद थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही उन्हें उनके मूल विभाग कृषि उत्पादन मंडी समिति में वापस भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि विजय प्रसाद थपलियाल को 29 जुलाई 2024 को प्रतिनियुक्ति पर BKTC का CEO नियुक्त किया गया था। अब चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हाल के दिनों में BKTC कई विवादों को लेकर चर्चा में रही। केदारनाथ की रूप छड़ी को महाराष्ट्र के नांदेड़ भेजे जाने के मामले पर तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इस मामले की जांच शासन और समिति स्तर पर जारी है।

इसके अलावा हेली कंपनियों पर करीब तीन करोड़ रुपये की बकाया वसूली में ढिलाई और जनरेटर की महंगे दामों पर खरीद जैसे मामलों ने भी सवाल खड़े किए।

इन तमाम प्रकरणों के बीच लिया गया यह फैसला चारधाम यात्रा से पहले व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here