रुद्रप्रयाग: बदरी–केदार मंदिर समिति (BKTC) के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) पद पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। अगले माह से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को देखते हुए लंबे समय से समिति में नए सीईओ की नियुक्ति का इंतज़ार था।

बीकेटीसी के पूर्व सीईओ विजय थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद से यह पद खाली चल रहा था। चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। इसके तहत 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। यात्रा की तैयारियों में तेजी लाने के लिए सरकार जल्द नए सीईओ की तैनाती पर विचार कर रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, कई PCS अधिकारियों ने भी इस पद में रुचि दिखाई थी। देश के बड़े और प्रसिद्ध धार्मिक संस्थानों—महाकाल मंदिर, वैष्णो देवी, तिरुपति बालाजी और सिद्धिविनायक—में प्रशासनिक नेतृत्व के लिए अक्सर IAS अधिकारियों की तैनाती की जाती है। उसी तर्ज पर उत्तराखंड सरकार भी BKTC में IAS स्तर के अधिकारी की नियुक्ति पर विचार कर रही थी।

लेकिन फिलहाल, चारधाम यात्रा की समयसीमा और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को ही अतिरिक्त प्रभार देने का निर्णय लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here