चमोली: चमोली जिले में आदिबदरी–रंडोली के पास एक एंबुलेंस दुर्घटना का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।
एंबुलेंस में मरीज, चालक और मेडिकल स्टाफ सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही आदिबदरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। हादसे के बाद मरीज को तुरंत दूसरी एंबुलेंस की सहायता से श्रीनगर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से वाहन को हटाया गया और यातायात सुचारु किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।






