ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में महिला से कथित छेड़छाड़ के आरोप के बाद स्थानीय लोगों और हरियाणा से आए पर्यटकों के बीच जमकर हंगामा हो गया। गुस्साई भीड़ ने पर्यटकों की सड़क पर बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार शाम काली की ढाल क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार में सवार कुछ युवकों पर एक महिला ने अश्लील इशारे करने और छेड़छाड़ का प्रयास करने का आरोप लगाया। महिला का कहना था कि पेट्रोल पंप के पास कार धीमी होने पर युवकों ने अभद्र व्यवहार किया।

आरोप लगते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने कार सवार युवकों का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पर्यटकों की कार पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने युवकों को कार से बाहर निकालकर जमकर पीटा। मारपीट के दौरान एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक के कपड़े तक फट गए। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि कार सवार युवक नाबालिग लड़कियों के साथ भी अश्लील हरकत कर रहे थे।

सूचना मिलने पर आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल कराया और बाद में चौकी ले गई।

फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि पर्यटक ऋषिकेश से वापस लौट गए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

कोतवाली ऋषिकेश के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here