टिहरी : टिहरी गढ़वाल में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत M/S Haut Monde Hill Stream Resort, कोकियालगांव, तहसील धनोल्टी पर ₹1 लाख का अर्थदंड लगाया है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी टिहरी द्वारा 25 जुलाई 2025 को होटल परिसर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान होटल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, अस्वच्छ खाद्य भंडारण, खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं उपयोग तिथि अंकित न होना, कीटों की उपस्थिति तथा खाद्य लाइसेंस की प्रति उपलब्ध न होने जैसी खामियां सामने आईं।
प्रकरण की सुनवाई के बाद न्यायालय ने होटल के पर्सन इंचार्ज ऑफ ऑपरेशन को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन का दोषी पाया। इसके बाद एडीएम शैलेन्द्र नेगी द्वारा कुल ₹1,00,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
साथ ही संबंधित पक्ष को निर्धारित समयावधि के भीतर जुर्माना राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि तय समय पर धनराशि जमा न करने की स्थिति में नियमानुसार वसूली की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।








