चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चे समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवाल विकासखंड के लोहाजंग सड़क मार्ग पर ल्वाणी गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार बांक गांव निवासी बुजुर्ग भजन सिंह का इलाज देहरादून में चल रहा था। शुक्रवार शाम उनका निधन हो गया था। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस से गांव लेकर आ रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दो कारों में सवार होकर बांक गांव के लिए निकले थे।
बताया गया कि शव लेकर आ रही एंबुलेंस देर रात गांव पहुंच गई थी, लेकिन ऋषिकेश में जाम लगने के कारण पीछे चल रही कार देर से पहुंची। शनिवार सुबह करीब चार बजे ल्वाणी के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में बलवीर सिंह पुत्र नारायण सिंह (50), उनकी पत्नी शांति देवी (38) और पुत्र आशीष (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी (28), रोशनी (19) और छह वर्षीय मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एयर एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
करीब 10:45 बजे संगम मैदान में एयर एंबुलेंस पहुंची, जहां एम्स की मेडिकल टीम ने घायलों की जांच कर उन्हें ऋषिकेश रवाना किया। वहीं तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना पर तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।








