हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहे एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रहा था। रविवार देर रात उनका दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ियों द्वारा युवकों को शांत रहने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक युवक ने अजय पर फायरिंग कर दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से ग्रेटर नोएडा जा रहा था। दल में करीब 10 सदस्य शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि भागने की जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।







