रुद्रप्रयाग: जनपद मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर नरकोटा क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की तत्परता से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। इनमें दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार करीब 12 बजे नरकोटा क्षेत्र में आर्मी ट्रक और औरा कार आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में कार चालक जीतेन्द्र सिंह (25) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी देवाल, थराली (चमोली) तथा सुशीला देवी (40) पत्नी हयात राम निवासी लोहाजंग (चमोली) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया।
इसके अलावा शांति देवी (45) पत्नी अर्जुन शर्मा निवासी चांदपुर गढ़ी, हिमांशु (14) पुत्र हयात सिंह निवासी लोहाजंग तथा भावेश (15) पुत्र अर्जुन निवासी चांदपुर गढ़ी को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में किया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है। साथ ही एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों के माध्यम से ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में कमी नहीं आ रही है।





