टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी के प्रतापनगर ब्लॉक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचे युवक और उसके दोस्त की कथित रूप से लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामले में हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ओण पट्टी के देवल गांव निवासी धनपाल लाल ने बताया कि उनका पुत्र केतन लाल (18) सात जून की रात अपने दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ खोलगढ़ गांव गया था। आरोप है कि किशोरी ने फोन कर केतन को अपने घर बुलाया था। जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, किशोरी के परिजनों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
परिजनों के अनुसार, हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में किशोरी के पिता ने फोन कर केतन के परिजनों को बुलाया और युवक को वहां से ले जाने को कहा। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो केतन गंभीर हालत में मिला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने तक शव नहीं उठाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाले केतन लाल की सामान्य वर्ग की किशोरी से पिछले करीब छह माह से दोस्ती थी। इसी को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जिला अस्पताल बौराड़ी के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि घायल दिवाकर डिमरी का उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले में हत्या और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच सीओ टिहरी को सौंपी गई है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





