देहरादून/हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर और उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से ऑडियो और वीडियो सामग्री प्रसारित करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में सुरेश राठौर एवं उर्मिला सनावर के खिलाफ विभिन्न शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो में भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा ऐसी सामग्री साझा की गई, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

इसी आधार पर संबंधित थानों में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले में अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित घटनाक्रमों के बीच सामने आया है, जिस पर प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here