श्रीनगर (गढ़वाल): ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पानीपत से श्रीनगर की ओर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक मूल्यागांव के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक पीछे की ओर फिसलने लगा। ट्रक को पीछे आता देख उसके ठीक पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया।

इसी दौरान पीछे से बाइक पर आ रहे अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी नौनी के साथ वहां पहुंचे। अचानक ट्रक को पीछे आता देख वे संभल नहीं सके और उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में मासूम नौनी ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे ऋषिकेश–बदरीनाथ हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया है। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराने का कार्य शुरू कर दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here