देहरादून। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के सामने आने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने भी अपने अधीनस्थ मंदिरों में चढ़ावे और दान सामग्री की निगरानी कड़ी कर दी है। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चढ़ावे के रखरखाव में पूरी पारदर्शिता और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
सीईओ ने दान-भेंट संग्रह, गिनती स्थल, लेखा-खजाना, विश्रामगृह और पूजा काउंटर में तैनात कर्मचारियों से कहा है कि चढ़ावे और दान सामग्री के लेखा-जोखा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या शिकायत मिली तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा के दौरान इन दिनों प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं द्वारा दिए जा रहे चढ़ावे और दान का पूरी पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद समिति ने बदरीनाथ, केदारनाथ समेत सभी अधीनस्थ मंदिरों में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।







