चमोली। बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा और दान में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को बदरीनाथ सीट से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर के सिंहद्वार के बाहर करीब एक घंटे का मौन व्रत रखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विधायक बुटोला ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच या एसआईटी से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। विधायक ने BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए यह आवश्यक है।
गौरतलब है कि भैरव सेना नामक संगठन ने BKTC के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर चढ़ावे और दान की राशि में कथित आर्थिक हेराफेरी के आरोप लगाए हैं। मामले के सामने आने के बाद BKTC ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है और गणना प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों एवं अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

इससे पहले जोशीमठ में भी स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के आरोप श्रद्धालुओं की आस्था को आहत करते हैं और पूरे मामले की पारदर्शी जांच होना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here