देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही यात्री व्हाट्सएप के माध्यम से भी रोडवेज बसों के टिकट बुक कर सकेंगे। परिवहन निगम इस नई सुविधा को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

प्रदेश में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन औसतन 90 हजार यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में यात्रियों के पास टिकट लेने के दो विकल्प हैं—ऑनलाइन बुकिंग और बस में कंडक्टर से टिकट लेना। अब तीसरे विकल्प के रूप में व्हाट्सएप आधारित टिकट बुकिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना के तहत परिवहन निगम एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। इस नंबर पर संदेश भेजते ही यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी भरने का विकल्प मिलेगा। इसके बाद किराया भुगतान के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान पूरा होने के बाद यात्री के व्हाट्सएप पर क्यूआर आधारित ई-टिकट भेज दिया जाएगा।

यात्रा के दौरान बस का कंडक्टर इस क्यूआर/बारकोड को स्कैन करेगा, जिसके बाद टिकट से जुड़ी पूरी जानकारी उसके डिवाइस पर दिखाई देगी। यह सुविधा फिलहाल केवल उन रोडवेज बसों में उपलब्ध होगी, जिनमें ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था पहले से मौजूद है।

रोडवेज के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के अनुसार, इस सुविधा को शुरू करने के लिए एनआईसी के साथ तकनीकी स्तर पर काम किया जा रहा है। साथ ही, सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को भी दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नए प्रयास करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में व्हाट्सएप टिकट बुकिंग सुविधा को जल्द शुरू करने की तैयारी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here