हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में एक युवक के साथ कथित तौर पर भीड़ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। युवक अपनी परिचित युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच पिछले कई वर्षों से दोस्ती थी। युवती के बुलाने पर वह शनिवार को उससे मिलने हरिद्वार पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों को युवक पर शक हुआ और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि भीड़ ने युवक से पूछताछ के बाद उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह भी आरोप है कि उसके गले में कुत्तों को बांधने वाला पट्टा भी डाल दिया गया।

हंगामे की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल भिजवाया। बाद में युवती भी थाने पहुंची और घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

युवती ने अपनी तहरीर में बताया कि उसका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है और करनाल (हरियाणा) निवासी शादाब नामक युवक से उसकी चार-पांच वर्षों से दोस्ती है। शनिवार को वह उससे मिलने आया था, तभी 10 से 12 अज्ञात लोग घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here