उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप विद्यालय के एक शिक्षक और एनसीसी (NCC) अधिकारी पर लगे हैं। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को विद्यालय में एनसीसी की कक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक शिक्षक ने छात्रा से कहा कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं। छात्रा शिक्षक के साथ एनसीसी कक्ष में पहुंची। आरोप है कि वहां शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की।

बताया जा रहा है कि छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर अपनी कक्षा में पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पीड़िता के पिता ने मनेरी थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ POCSO Act सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here