देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप और छात्र पोर्टल के माध्यम से महत्वपूर्ण प्रश्न साझा करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय को हाल ही में एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता (40), निवासी सहारनपुर द्वारा परीक्षा से पहले छात्रों को महत्वपूर्ण प्रश्न भेजे जाने की शिकायत की गई थी। परीक्षा के बाद जब प्रश्नों का मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय और संस्थान की संयुक्त जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, शिवालिक कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
कॉलेज के निदेशक प्रो. टी.एस. सिद्धू ने बताया कि मामला सामने आते ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और उनका इंक्रीमेंट भी रोक दिया गया था। जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
हजारों छात्रों को दोबारा देनी होगी परीक्षा
पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 इंजीनियरिंग संस्थानों के हजारों छात्रों को अब दोबारा परीक्षा देनी होगी।
इन संस्थानों की परीक्षा रद्द
- बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल
तुलाज इंस्टीट्यूट, देहरादून - बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, द्वाराहाट
रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रुड़की - शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून
- जयराम भाई पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
- माया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
- बाबा फरीद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
- टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, टिहरी
- नन्हीं परी सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान, पिथौरागढ़
- वूमेंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
- इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोपेश्वर
यह मामला उत्तराखंड की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।







