हरिद्वार। हरिद्वार के शांतरशाह चौकी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी लोहे के गाटर अचानक खिसककर दो कांवड़ियों के ऊपर गिर गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर (गाजियाबाद) और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर, मोदीनगर, थाना भोजपुर (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर आराम करने के लिए रुक गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे के गाटर रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों युवक उन पर बैठने का प्रयास करने लगे, गाटर फिसलकर उनके ऊपर गिर गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अन्य कांवड़ यात्रियों में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
वहीं, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और एनएचएआई से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गाटर फिसलने से हादसा हुआ। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









