देहरादून: उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश में अगले चार महीनों के भीतर चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन रोजगार मेलों के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में दो रोजगार मेले गढ़वाल मंडल और दो कुमाऊं मंडल में आयोजित किए जाएंगे। गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे।
इन रोजगार मेलों में देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियां और निजी क्षेत्र की कंपनियां हिस्सा लेंगी। पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पास आउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक कोर्स कर चुके छात्र-छात्राएं भी इन मेलों में भाग ले सकेंगे।
ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को भी मिलेगा मौका
सरकार ने रोजगार मेलों का दायरा व्यापक रखने का फैसला किया है। उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग भी सहयोग करेंगे।
सरकार का दावा- अब तक 42 हजार युवाओं को रोजगार
बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उनके मुताबिक अब तक 42 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। इनमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग में बनेगा मीडिया सेल..
बैठक में विभागीय मंत्री ने तकनीकी शिक्षा विभाग के मुख्यालय में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल का मुख्य कार्य विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करना होगा।
मीडिया सेल के माध्यम से सरकार की योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल किया जाएगा।









