चमोली: बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति भी बनी।

मामले में बदरीनाथ थाना पुलिस ने सेना के मेजर समेत 15 जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यातायात व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद
चमोली पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि कहासुनी के बाद मेजर की ओर से सेना के अन्य जवानों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

होमगार्ड जवान को वाहन में बैठाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, सेना के जवानों की ओर से होमगार्ड जवान को वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने बीच-बचाव किया। पुलिस का कहना है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद करीब 10 से 15 सेना के जवान बदरीनाथ थाने पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

कांस्टेबल की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

चमोली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर रात करीब 10:25 बजे बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मेजर समेत 15 सेना के जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीओ चमोली मदन बिष्ट ने बताया कि आर्मी मेजर समेत 15 अन्य जवानों के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here