नारायणबगड़: अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे चमोली के नारायणबगड़ क्षेत्र के डुंग्री गांव निवासी ITBP जवान प्रदीप कुमार की पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई। 35 वर्षीय प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, बीती शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में प्रदीप कुमार की जान चली गई। वह अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। जवान की मौत की खबर मिलते ही डुंग्री गांव और पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देखकर परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े।
सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई….
23वीं बटालियन ITBP के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट समेत स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर किया गया।
प्रदीप कुमार के असमय निधन से डुंग्री गांव ही नहीं, बल्कि पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक व्याप्त है। विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, यशपाल सिंह नेगी, नरेंद्र रावत, वीर भरत सिंह, जय नंद सती और दलीप नेगी समेत क्षेत्र के लोगों ने जवान के निधन पर गहरा दुख जताया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि देश की सेवा में समर्पित एक जांबाज जवान का इस तरह असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत जवान की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।









