पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में भारी बारिश के बीच मंगलवार सुबह दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मकान में चार लोग मौजूद थे, जिनके मलबे में दबने की सूचना है। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 2 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायल महिला को तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस, पटवारी और अन्य राहत दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है।
लगातार बारिश के कारण पौड़ी जिले के कई इलाकों में सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और बाधित मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से सुचारू कर दिया गया है, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को खोलने का कार्य जारी है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और गदेरों के किनारे न जाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here