रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में चार सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय पर मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने कलेक्ट्रेट की पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने दूसरी बैरिकेडिंग पर भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
दूसरी बैरिकेडिंग के पास किसान सड़क पर ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। आंदोलन के दौरान किसानों ने मौके पर लंगर लगाया और सामूहिक रूप से भोजन किया। किसान नेताओं ने ऐलान किया है कि यह धरना 21, 22 और 23 अगस्त तक जारी रहेगा।
किसानों की चार प्रमुख मांगों में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, किसानों के ट्यूबवेल की बिजली माफी, बाजपुर के 20 गांवों की जमीन का मालिकाना हक ग्रामीणों को देने और पेंशन बहाली की मांग शामिल है।
किसानों का कहना है कि मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। वहीं, प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। फिलहाल किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और तीन दिवसीय धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं।








