भरसार विश्वविद्यालय में स्थायी डॉक्टर की तैनाती को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार और विवि प्रशासन को घेरा। छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल

पौड़ी : पौड़ी जिले के भरसार स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विवि परिसर में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।

गोदियाल ने छात्रों से संवाद कर विवि की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमार छात्रा को समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका और उसे भरसार से पाबौ, पौड़ी, श्रीनगर होते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय में स्थायी चिकित्सक की व्यवस्था नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विवि में स्थायी डॉक्टर ही नहीं है तो केवल किसी एक कर्मचारी पर कार्रवाई करने से समस्या का समाधान कैसे होगा। उन्होंने विवि प्रशासन से छात्रा को लगातार अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किए जाने को लेकर जवाब मांगा।

गोदियाल ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भरसार विवि में स्थायी डॉक्टर तैनात करने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी।
मामले को लेकर गोदियाल ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर वार्ता भी की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने सीएमओ पौड़ी से बात कर विश्वविद्यालय में डॉक्टर की तैनाती के निर्देश देने की बात कही है। हालांकि गोदियाल ने कहा कि डॉक्टर की तैनाती वास्तव में होती है या नहीं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

रानीचौरी कैंपस से फार्मासिस्ट की तैनाती की तैयारी

छात्रा की मौत के मामले में भरसार विवि की डिस्पेंसरी के फार्मासिस्ट को निलंबित किए जाने के बाद अब उनकी जगह टिहरी के वानिकी परिसर रानीचौरी से फार्मासिस्ट तैनात करने की तैयारी है। विवि के कुलसचिव डॉ. सीपी सती के अनुसार, इस संबंध में पत्र भेजा गया है और जल्द ही फार्मासिस्ट की भरसार में तैनाती की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here