देहरादून: राजधानी देहरादून से पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों को सीधी बस सेवा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। देहरादून से पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 11 ‘हिमगिरी’ बस सेवाओं के संचालन को अनुमति मिल गई है। पहले चरण में गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (जीएमओयू) की ओर से बीरोंखाल और थलीसैंण के लिए बस सेवा शुरू की जा रही है। इन सेवाओं का शुभारंभ 11 सितंबर से किया जाएगा।
इन बस सेवाओं के शुरू होने से पहाड़ के दूरस्थ गांवों और कस्बों को सीधे राजधानी देहरादून से जुड़ने का लाभ मिलेगा। कुछ बसें ऋषिकेश के रास्ते तो कुछ हरिद्वार-कोटद्वार के रास्ते पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचेंगी।
पहले चरण में थलीसैंण और बीरोंखाल की सेवा
जीएमओयू के पर्यटन अधिकारी अनिल बरगली के मुताबिक आरटीए से बस संचालन की मंजूरी मिल चुकी है। 10 सितंबर को बसें कोटद्वार से चलेंगी, जबकि 11 सितंबर को देहरादून से इन सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। पहले चरण में दो सेवाएं शुरू होंगी। यात्रियों के रुझान को देखते हुए बाकी सेवाओं का संचालन भी शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित हिमगिरी बसों के प्रमुख रूट….
- देहरादून–ऋषिकेश–श्रीनगर–कर्णप्रयाग–चमोली–पीपलकोटी–जोशीमठ
- देहरादून–ऋषिकेश–देवप्रयाग–सतपुली–एकेश्वर–पोखड़ा–बैजरो
- देहरादून–ऋषिकेश–श्रीनगर–कर्णप्रयाग–चमोली–गोपेश्वर–रोपा बछेर
- देहरादून–ऋषिकेश–देवप्रयाग–श्रीनगर–रुद्रप्रयाग–पोखरी–कलसिर
- देहरादून–ऋषिकेश–देवप्रयाग–श्रीनगर–रुद्रप्रयाग–कुंड–ऊखीमठ–सारी
- देहरादून–ऋषिकेश–देवप्रयाग–पौड़ी–त्रिपालीसैंण–थलीसैंण
- देहरादून–हरिद्वार–कोटद्वार–रथवाढाब–धूमाकोट–गोलीखाल
- देहरादून–हरिद्वार–कोटद्वार–डेरियाखाल–रिखणीखाल–भौंण
- देहरादून–ऋषिकेश–लक्ष्मणझूला–गुमखाल–जहरीखाल–लैंसडौन
रोडवेज इम्पलाइज यूनियन ने जताया विरोध……
दून से पर्वतीय मार्गों पर जीएमओयू की बसों के संचालन का उत्तराखंड रोडवेज इम्पलाइज यूनियन ने विरोध किया है। यूनियन के प्रदेश महामंत्री रविनंदन कुमार ने परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर इस फैसले पर आपत्ति जताई है।
दूसरी बड़ी खबर: अब जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक जा सकेंगे ऑटो…..
देहरादून और डोईवाला के यात्रियों के लिए भी बड़ी राहत की खबर है। अब डोईवाला जाने वाले ऑटो रिक्शा जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल और एयरपोर्ट तक जा सकेंगे। परिवहन विभाग ने 13 अगस्त को हुई आरटीए बैठक के मिनट्स जारी कर दिए हैं, जिसके बाद यह फैसला आधिकारिक रूप से सामने आया है।
ऑटो संचालक लंबे समय से एयरपोर्ट और जौलीग्रांट अस्पताल तक संचालन की अनुमति मांग रहे थे। जनहित और मरीजों की सुविधा को देखते हुए प्राधिकरण ने इसकी मंजूरी दी है। इससे मरीजों, तीमारदारों और हवाई यात्रियों को सस्ता और सुलभ परिवहन विकल्प मिलने की उम्मीद है।
तीसरी बड़ी खबर: दून अस्पताल में अब होगी दिल की ओपन सर्जरी……
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जल्द ही एंजियोप्लास्टी के साथ दिल की ओपन सर्जरी और कार्डियोथोरेसिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने जा रही है। कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) यूनिट स्थापित करने के लिए दिल्ली से आई तकनीकी टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया।
टीम ने ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, वार्ड और कैथलैब समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यूनिट शुरू होने के बाद आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को मुफ्त हृदय सर्जरी का लाभ मिल सकेगा, जबकि निजी अस्पतालों में इसके लिए लाखों रुपये तक खर्च हो सकते हैं।
अस्पताल के निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना के निर्देश पर यूनिट के संचालन के लिए जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं को लेकर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
यानी देहरादून के लिए एक साथ तीन बड़ी खबरें—पहाड़ के लिए हिमगिरी बस सेवा, जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक ऑटो की सुविधा और दून अस्पताल में दिल की ओपन सर्जरी की तैयारी।







