देहरादून/रायपुर। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में चल रही आर्टिस्ट प्रीमियर लीग के दौरान स्टेडियम परिसर में खुलेआम शराब पीने का मामला सामने आने के बाद खेल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद आयोजकों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, मामले में दो खिलाड़ियों को लीग से बाहर कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में स्टेडियम परिसर में दो खिलाड़ी समेत कुछ लोग शराब की बोतल खोलकर गिलास में शराब डालते हुए दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर शराब की बोतलें भी नजर आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। खेल विभाग के अपर निदेशक अजय अग्रवाल ने बताया कि वीडियो स्टेडियम परिसर का ही है।
आयोजकों ने मांगी माफी, जांच जारी….
खेल विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद आयोजकों और खिलाड़ियों की ओर से माफी मांगी गई है। फिलहाल वीडियो में नजर आ रहे दो खिलाड़ियों को लीग से बाहर कर दिया गया है। खेल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने बताया कि लीग 13 सितंबर तक प्रस्तावित है। लीग आगे जारी रखी जाएगी या नहीं, इस पर शनिवार को निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में स्टेडियम के नियमों और शर्तों का उल्लंघन करने वाले आयोजनों को स्टेडियम किराये पर नहीं दिया जाएगा।
शराब के आयोजन के लिए नहीं ली गई थी अनुमति….
खेल विभाग के मुताबिक स्टेडियम परिसर में शराब का सेवन प्रतिबंधित है। यदि किसी आयोजन में शराब परोसी जानी है तो इसके लिए संबंधित लाइसेंस और आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। इस आयोजन के लिए शराब के आयोजन का कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था।
अजय अग्रवाल ने कहा कि स्टेडियम में आयोजन करने वाले आयोजकों की जिम्मेदारी है कि वे सभी आवश्यक अनुमतियां लें और निर्धारित नियमों का पालन करें।
पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया…
मामले में रायपुर पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे तीन युवकों को हिरासत में लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान योगेश दहिया निवासी बड़खाल, सोनीपत (हरियाणा), सचिन निवासी ग्राम राई, सोनीपत (हरियाणा) और भूपेश कुमार निवासी थाना कैमरी, हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, खेल विभाग की कार्रवाई के बाद अब आयोजन में नियमों के उल्लंघन को लेकर आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।







