हल्द्वानी में तेंदुए के हमले से घायल हुआ बच्चा, पेट और चेहरे पर गंभीर चोटें; हायर सेंटर रेफर

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में तेंदुए ने घात लगाकर 10 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, हमले के दौरान बच्चे ने जिस साहस का परिचय दिया, उसकी इलाके में चर्चा हो रही है। बच्चे ने तेंदुए को दोनों हाथों से पकड़ लिया और उसका गला दबोचे रखा। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ मौके से भाग गया।

जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 7:15 बजे 10 वर्षीय अंश पुत्र प्रेम शंकर, अपने 7 वर्षीय दोस्त समर के साथ विजयपुर रतनपुर चकलुवा में दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अंश पर हमला कर दिया।

तेंदुए ने बच्चे को दबोचा

हमले के दौरान अंश ने शोर मचाया और तेंदुए का सामना करने की कोशिश की। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक तेंदुए का एक पंजा बच्चे के मुंह और दूसरा पेट पर था। इसके बावजूद अंश ने दोनों हाथों से तेंदुए का गला पकड़ लिया और उसे छोड़ा नहीं।

बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दुकानदार कुंदन टॉर्च लेकर मौके की तरफ दौड़े। आसपास के लोगों ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों के शोर से तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

हमले में अंश के चेहरे और पेट पर गहरे जख्म आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई। रविवार को डीएफओ ने घायल बच्चे के घर पहुंचकर उसका हाल जाना और घटना की जानकारी ली।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here