देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह महिला के अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया। सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज के पास बिना नंबर प्लेट की काली कार से पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने स्कूटी सवार महिला को जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर मौके के पास सफाई कर रहीं तीन महिला कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और झाड़ू के डंडे से उन पर हमला कर दिया। महिलाओं को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी महिला को छोड़कर कार से फरार हो गए।

घटना बुधवार सुबह करीब 6:40 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मेला राम कॉलोनी, कानन कुंज निवासी 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपनी 19 वर्षीय बेटी को कॉलेज जाने के लिए नालापानी चौक पर छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान कानन कुंज वाली गली के पास पीछे से एक बिना नंबर प्लेट की काली कार आई। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे और सुषमा को जबरन खींचकर कार में बैठाने का प्रयास करने लगे।

सुषमा के शोर मचाने पर कुछ दूरी पर सफाई कर रहीं नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी अनिता, सविता और माया की नजर घटना पर पड़ी। तीनों महिलाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और बदमाशों का विरोध करते हुए झाड़ू के डंडे से उन्हें खदेड़ना शुरू कर दिया। महिलाओं के अचानक विरोध करने पर दोनों आरोपी घबरा गए और सुषमा को वहीं छोड़कर कार में बैठकर फरार हो गए।
घटना के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपने सुपरवाइजर तेजपाल सिंह को मामले की जानकारी दी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।

पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जांच

पुलिस इस मामले की जांच पारिवारिक रंजिश के एंगल से भी कर रही है। बताया जा रहा है कि सुषमा वर्मा का अपने पति राहुल वर्मा के साथ पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। पुलिस के अनुसार पीड़िता दोनों आरोपियों को पहचानती नहीं है, इसलिए अपहरण के प्रयास के पीछे किसी व्यक्तिगत रंजिश की संभावना को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की जांच जारी है और किसी पर आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक सुषमा पहले डेयरी का संचालन करती थीं, लेकिन करीब एक महीने पहले उन्होंने डेयरी बंद कर स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपना घर चलाना शुरू किया। उनके पति राहुल वर्मा उत्तरकाशी में रहते हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक संदिग्ध कार सहस्रधारा क्रॉसिंग से घटनास्थल तक आती हुई और वारदात के बाद उसी कट से वापस जाती दिखाई दी है। इसके बाद कार के लाडपुर की ओर जाने की बात सामने आई है।

पुलिस कार के आने-जाने के पूरे रूट की CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट हटा रखी थी।

रायपुर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here