नई टिहरी: जिला मुख्यालय नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। नवदुर्गा मंदिर से राजकीय प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज की ओर जाते हुए प्रदर्शनकारियों ने कनस्तर बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
यह प्रदर्शन राज्य सरकार के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दौरे के दौरान किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नई टिहरी में लंबे समय से चली आ रही मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नोडीयाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सेमवाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव इमरान खान, छात्र नेता राहुल बुटोला और कांग्रेस नेता वीरेंद्र दत्त समेत कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
प्रदर्शनकारियों ने मेडिकल कॉलेज की मांग के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के आरोपों के बीच बनी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। उन्होंने राहुल गांधी और सांसदों के साथ हुए व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं और आंदोलनकारियों ने कहा कि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और तेज किया जाएगा।








