हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बहादराबाद कस्बे में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान जमकर हंगामा और पत्थरबाजी होने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग रामलीला स्थल पर पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे करीब 25 से 30 अन्य लोगों के साथ दोबारा लौट आए।
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी गई और मंच की ओर पत्थर फेंके गए। अचानक हुई पत्थरबाजी से कलाकारों और दर्शकों में अफरातफरी मच गई।
घटना में महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है। हंगामे के चलते रामलीला का मंचन भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस घटना ने धार्मिक आयोजन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस शिकायत के आधार पर क्या कार्रवाई करती है।








