हरिद्वार: धामी कैबिनेट की पहली बैठक में 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर, अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में मिलेगी अतिरिक्त छूट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट की पहली बैठक संपन्न हो गई है। बैठक में कुल 13 प्रस्ताव पेश किए गए, जिन्हें कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों, विकास योजनाओं, स्वास्थ्य, आवास और अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में मिलने वाली सुविधाओं समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर फैसले लिए गए।

अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में बड़ी राहत

धामी कैबिनेट का सबसे अहम फैसला अग्निवीरों से जुड़ा रहा। अब उत्तराखंड में समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों की भर्ती में अग्निवीरों को पहले से मिल रहे 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के साथ लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और आवश्यक ऊंचाई के मानकों में भी छूट दी जाएगी।

हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना

कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना को भी मंजूरी दी है। यह संस्थान सोसायटी मोड में संचालित होगा। यहां भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और भारतीय संस्कृति से जुड़ी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन

बैठक में हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले

  • बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी।
  • हरिद्वार के भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़क के मानकों में कमी को मंजूरी।
  • केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को दी गई विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया गया।
  • कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर मां गंगा से की प्रार्थना

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साथ ही देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी मां गंगा से प्रार्थना की गई।

कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता के बीच जाकर जनता से जुड़े फैसले लेना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here