अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई की जांच तेज होती नजर आ रही है। शनिवार देर शाम सीबीआई की टीम ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की।

हरिद्वार स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में हुई इस पूछताछ के बाद सुरेश राठौड़ ने कहा कि सीबीआई ने जो भी सवाल पूछे, उन्होंने सभी के सही जवाब दिए हैं और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

लेकिन जब उनसे कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने उर्मिला को जानने से ही इनकार कर दिया।

सुरेश राठौड़ ने कहा कि उन्होंने सीबीआई को सारी जानकारी दे दी है और उन्हें भरोसा है कि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था। इस मामले में दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे भी दर्ज हुए थे।

इससे पहले एसआईटी भी सुरेश राठौड़ से पूछताछ कर चुकी है और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

अब सीबीआई की तीन घंटे की पूछताछ के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर सीबीआई ने सुरेश राठौड़ से क्या-क्या सवाल पूछे? उर्मिला सनावर को लेकर क्या जानकारी मांगी गई? और अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में आगे क्या खुलासे होंगे?

फिलहाल सीबीआई की ओर से पूछताछ को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here