चुनाव से पहले धामी सरकार का बड़ा दांव! 7,844 करोड़ के अनुपूरक बजट में हर वर्ग को साधने की कोशिश, कुंभ से लेकर गैरसैंण तक बड़ा ऐलान
गैरसैंण विधानसभा में पेश हुआ 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट, स्वास्थ्य, किसान, कर्मचारी और बुनियादी सुविधाओं पर खास फोकस।
उत्तराखंड की धामी सरकार ने चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने की कोशिश करते हुए मंगलवार को गैरसैंण विधानसभा में 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में बजट पेश किया। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में राज्य के बजट का कुल आकार बढ़कर करीब 1.19 लाख करोड़ रुपये होने जा रहा है।
सरकार ने इस अनुपूरक बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सुरक्षा, किसानों, कर्मचारियों, पेयजल व्यवस्था, गैरसैंण के विकास और आगामी हरिद्वार कुंभ मेले को प्राथमिकता दी है।
बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 4,164 करोड़
बजट में पूंजीगत मद के तहत बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए 4,164 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे राज्य में विकास कार्यों के लिए कुल धनराशि 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने जा रही है।
नंदा राजजात यात्रा के लिए 20 करोड़
ऐतिहासिक नंदा राजजात यात्रा के भव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए मार्ग निर्माण, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
किसानों के लिए 1,100 करोड़ का प्रावधान
धान और गेहूं की खरीद पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 1,100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं पारंपरिक खेती और जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
खुरपिया फार्म पर खर्च होंगे 270 करोड़
कृषि उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए खुरपिया फार्म के विकास और आधुनिकीकरण पर 270 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वास्थ्य और कर्मचारियों को बड़ी राहत
अटल आयुष्मान योजना के संचालन और बकाया दावों के भुगतान के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 125 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
पेयजल व्यवस्था के लिए 300 करोड़
हर घर नल से जल योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों को गति देने के लिए 300 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
हरिद्वार कुंभ के लिए 290 करोड़
आगामी हरिद्वार कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए घाटों के सौंदर्यीकरण, स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्यों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर 290 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
गैरसैंण में बनेगा जलापूर्ति बांध
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए जलापूर्ति बांध परियोजना को आगे बढ़ाने हेतु 122 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कुल मिलाकर धामी सरकार के इस अनुपूरक बजट में विकास, किसान, स्वास्थ्य, कर्मचारी, धार्मिक पर्यटन और गैरसैंण को केंद्र में रखा गया है। अब देखना होगा कि इन बजटीय घोषणाओं का धरातल पर कितना असर दिखाई देता है।






