क्रिकेट प्रेमियों के लिए भावुक कर देने वाली खबर है। चहेते क्रिकेट स्टार और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास का ऐलान कर दिया है । स्वतंत्रता दिवस की शाम को किया गया उनका यह ऐलान प्रशंसकों को रुला गया। हालांकि धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलविदा कहने का ऐलान किया है लेकिन उन्होंने साफ किया है कि वह IPL खेलते रहेंगे।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर संन्यास लेने की घोषणा की। वीडियो में धोनी के अब तक के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की तस्वीरें हैं और इसके बैकग्राउंड में गाना चल रहा है- ‘मैं पल दो पल का शायर हूं…’ फिल्म ‘कभी कभी’ का ये गाना मशहूर गायक मुकेश की आवाज में है। 4 मिनट और 7 सेकेंड के वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की कई तस्वीरें शेयर की हैं।
इस वीडियो के साथ धोनी ने लिखा, ‘आप सभी के प्यार और समर्थन का शुक्रिया जो मुझे हमेशा हासिल हुआ। 7 बजकर 29 मिनट पर ये समझें कि मैं रिटायर हो गया हूं’।
Indian cricketer Mahendra Singh Dhoni announces retirement from international cricket. pic.twitter.com/3UwE6ZXfK6
— ANI (@ANI) August 15, 2020
झारखंड क्रिकेट से उठकर धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के…
झारखंड क्रिकेट से उठकर धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे कामयाब कप्तानों तक पहुंचे। उनकी कप्तानी में ही भारत ने पहले वर्ल्ड टी20 का खिताब जीता था। 2007 में युवा टीम के साथ धोनी ने यह करिश्मा किया था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 2 अप्रैल 2011 को उनकी कप्तानी में भारत ने करीब 28 साल बाद वर्ल्ड कप (50 ओवर) की ट्रोफी पर कब्जा किया था। फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया वह विजयी छक्का भला कौन भूल सकता है।
धोनी को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया…
इसके बाद धोनी ने कभी मुड़कर नहीं देखा। वह भारत के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर भी बने। धोनी को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया जब वरिष्ठ खिलाड़ियों ने साउथ अफ्रीका में हुए पहले वर्ल्ड टी20 में खेलने से इनकार कर दिया था। भारत ने फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर ट्रोफी जीती थी। धोनी की कप्तानी में ही भारत आईसीसी टीम टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन की पोजिशन पर पहुंचा था।