देहरादून: उत्तराखंड बीजेपी से बड़ी खबर है। आज प्रदेश पार्टी कार्यालय में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक होगी।

राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के तौर पर बीएल संतोष पहली बार उत्तराखंड आएंगे। वह संगठन और मोर्चों के साथ अलग-अलग बैठकें करने के बाद कोर ग्रुप की बैठक में शिरकत करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की विदाई के बाद कोर ग्रुप की यह बैठक होने जा रही है। बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री के तौर पर बीएल संतोष देहरादून आ रहे हैं। वह कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे।

मार्च महीने में प्रदेश में भाजपा की चुनावी साल में अपने पक्ष में वातावरण बनाने की अलग रणनीति थी। कोर कमेटी ने राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को विधानसभा चुनाव को लेकर बाकायदा एक रोड मैप बनाने को कहा था। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में पार्टी को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी है। पार्टी ने तय किया है कि वह सेवा ही संगठन अभियान के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी। इसकी शुरुआत हो चुकी है और 30 मई को पार्टी गांवों में सेवा कार्यों का बड़ा अभियान चलाने का निर्णय कर चुकी है। इस तरह कोविडकाल में पार्टी सेवा कार्यों के जरिये चुनावी मोड में दिखाई देगी।

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक से पहले प्रदेश पार्टी का कार्यालय में बैठकों का दौर चलेगा। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में केंद्र से पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष के अलावा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा भी शिरकत करेंगी। केंद्रीय पदाधिकारी दो दिवसीय प्रवास के बाद 29 मई को लौटेंगे। कहा जा रहा है कि कोर ग्रुप की बैठक में 30 मई को गांवों में जाकर सेवा कार्य करने को लेकर रणनीति बनेगी। बैठक चार से छह बजे तक होगी। इसके अलावा पार्टी के कार्यालय भवनों और संगठन के कोष को भी लेकर चर्चा होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here