बागेश्वर: उत्तराखंड में इन दिनों वन्यजीवों की दहशत बढ़ गई है। बीती सोमवार को एक तेंदुए ने जंगल में चारा लेने गई महिला को अपना निवाला बना लिया। वहीं बागेश्वर में पिंडारी रोड पर सुबह के वक्त तीन तेंदुए एक साथ घूमते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए। इससे क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। लोगों वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। वहीं टनकपुर में बाघ के साथ संघर्ष में टनकपुर में एक नर तेंदुए की मौत हो गई। तेंंदुए की उम्र करीब सात वर्ष बताई जा रही है।

नघान गांव की महिला को गुलदार ने बनाया निवाला

चम्पावत जिला मुख्यालय से करीब दस किमी चम्पावत रेंज के रिख्वाड़ी के जंगल में सोमवार दोपहर को चारा लेने गई नघान गांव की एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। मुख्यालय से करीब दस किमी दूर नघान गांव निवासी महिला चंद्रा जोशी (26) पत्नी चूंणामणी जोशी गांव की ही दिव्यांग नंदा देवी पत्नी कमल बिनवाल के साथ चारा लेने जंगल गई हुई थी। बताया जा रहा है कि दोपहर एक बजे करीब घात लगाकर बैठे तेंदुए ने चंद्रादेवी पर हमला बोल दिया। घटना से घबराई नंदी देवी शोर मचाते हुए घर की ओर भागी और उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।

 

बागेश्वर में एक नजर आए तीन तेंदुए

वहीं बागेश्वर शहर में तीन-तीन गुलदार दिखने से दहशत बढ़ गई है। तीनों गुलदार कठायतबाड़ा में सत्ता गल्ला की दुकान के समीप खुले कमरे भी घुस गए। वहां से नदी की तरफ जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी में कैद लगभग दस मिनट तक घूमते रहे गुलदारों से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में होटल हैं। देर रात को भी लोग यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा मार्निंग वाक में निकलने वाले भी अक्सर इस रोड पर दिखाई देते हैं। डीएफओ हिमांशु बागरी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बाघ से संघर्ष में तेंदुए की मौत

हल्द्वानी वन प्रभाग के टनकपुर के पूर्णागिरि मार्ग से लगे उचौलीगोठ ब्रह्मदेव वन क्षेत्र में सोमवार सुबह वन विभाग की गश्ती टीम को गुलदार मृत मिला। रेंजर महेश बिष्ट ने बताया कि नर तेंदुए के शरीर पर दिख रहे पंजे के निशान से प्रतीत हो रहा है बाघ के साथ संघर्ष में उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति अधिक स्पष्ट होगी। वन विभाग ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में रख लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here