कोटा : राजस्थान के कोटा में चंबल नदी पर बनी छोटी पुलिया पर बड़ा हादसा हुआ। जहां आज सुबह एक बारात की कार चंबल नदी में गिर गई। जिसमें दूल्हा भी सवार था। हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह एक बारात में जा रही कार चंबल नदी  में गिर गई। कार में दूल्हा भी सवार था। हादसे में दूल्हा समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, किसी भी स्थानीय व्यक्ति ने कार को नदी में गिरते नहीं देखा। हादसे के बाद घटनास्थल के पास से गुजर रहे लोगों ने नदी में गिरी हुई कार देखी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस कंट्रोल रूम नगर निगम की रेस्क्यू टीम को सूचना दिए जाने के बाद नदी से कार बाहर निकाली गई।

सभी की मौत पानी में डूबने से हुई है। कार किस तरह से नदी में गिरी इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस ने सभी व्यक्तियों के शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है। नगर निगम के गोताखोर विष्णु श्रृंगी और चालक सुरेश मंडावत ने बताया कि बारात चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी।

हादसे की सूचना मिलने के बाद राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने शोक जताया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित 9 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। कलक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें, दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ट्वीट

हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक जो कार चंबल नदी में गिरी है, इसमें सवार लोगों ने सुबह 5:00 बजे अपने परिजनों से बात की थी। इस समय गाड़ी किसी होटल पर चाय पीने के लिए रूकी थी। इसके कुछ देर बाद हादसे की खबर सामने आई। मृतक दूल्हे की पहचान अविनाश वाल्मीकि के रूप में हुई है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क किया।

राजस्थान में केशोराय पाटन शहर से गुजरते हुए दूल्हे के साथ बारातियों की कार कोटा शहर की सीमा में पहुंची। चंबल नदी पर बनी एक छोटी पुलिया के ऊपर से गुजरने के दौरान कार अनियंत्रित हुई और नदी में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया काफी पुरानी है और इसके किनारों पर सुरक्षा दीवार (रेलिंग या मुंडेर) भी नहीं बना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here