देहरादून: रुझान में भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली है। भाजपा 46 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं कांग्रेस 20 सीटों पर बढ़त बनाई हुई हैं। दोपहर बाद तक तस्वीर साफ हो जाएगी की किसकी सरकार बन रही है। गौरतलब है कि विगत 14 फरवरी को चुनाव हुए थे। पांचवीं विधानसभा के लिए 70 सीटों पर मतदान हुआ था। जिसके नतीजे आज आने वाले हैं। गुरुवार को रुझानों में भाजपा ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई हुई थी।

 

ऋषिकेश से भाजपा प्रत्‍याशी प्रेम चंद्र अग्रवाल व हल्‍द्वानी से कांग्रेस प्रत्‍याशी सुमित हृदयेश जीते

ऋषिकेश से विधानसभा अध्‍यक्ष और भाजपा प्रत्‍याशी प्रेम चंद्र अग्रवाल और हल्‍द्वानी सीट से कांग्रेस प्रत्‍याशी सौरभ हृदयेश ने जीत दर्ज की है। वहीं आठवें राउंड की मतगणना के बाद हरिद्वार शहरी क्षेत्र से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के सतपाल ब्रहमचारी से 3477 मतों से आगे चल रहे हैं।

मसूरी में भाजपा उम्मीदवार गणेश जोशी विजेता


मसूरी में भाजपा प्रत्‍याशी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जीत दर्ज की है। 2021 में कैबि‍नेट में पुष्‍कर स‍िंह धामी सरकार ने गणेश जोशी को कैब‍िनेट मंत्री बनाया था। वहीं 2022 के चुनाव के लि‍ए बीजेपी ने उन पर फ‍िर भरोसा जताया था। ज‍िसके तहत अब वह जीत दर्ज कर चौथी बार व‍िधायक बन गए हैं। खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिछड़ने पर जोशी ने कहा कि अभी काउंटिंग जारी है। अगले चरणों मे हम चार हजार की बढ़त बनाएंगे। साथ ही उन्होंने हरीश रावत पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी जिद्द उन्हें लेकर डूबी है। पिछले चुनाव में वह दो-दो जगह से हारे थे। इस बार भी वह हारे हैं, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।

 

हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत जीतीं

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी और हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत ने जीत दर्ज कर ली है। यहां भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार स्वामी यतिश्वरानंद दूसरे नंबर पर हैं।

 

हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत आगे

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से आठवें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार स्वामी यतिश्वरानंद से चार हजार से अधिक मतों से आगे चल रही है।

देहरादून की धर्मपुर सीट पर कड़ा मुकाबला, सबकी नजरें इसी सीट पर


देहरादून जिले में विकासनगर, रायपुर, राजपुर, कैंट, मसूरी डोईवाला और ऋषिकेश में भाजपा आगे चल रही है, जबकि चकराता और सहसपुर में कांग्रेस आगे है। धर्मपुर सीट पर कड़ा मुकाबला चल रहा है, अभी तक कांग्रेस के उम्मीदवार दिनेश अग्रवाल कुछ वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अब भाजपा के उम्मीदवार विनोद चमोली ने बढ़त बना दी है, सबकी नजरें इसी सीट पर टिकी है। धर्मपुर में भाजपा को 26208 और कांग्रेस 25310 पर चल रही है।

छठवें राउंड में चार हजार वोटों से पीछे मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी छठवें राउंड में चार हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। वह शुरुआत से ही रुझानों में पीछे चल रहे हैं। राज्‍य के सभी मतगणना स्थलों में मतगणना जारी है। सबसे पहले सैन्य वोटरों के पोस्टल बैलट की स्क्रूटिनी हुई। इसके बाद 8:30 बजे से सभी ईवीएम मशीनों में मतगणना शुरू हुई। कर्णप्रयाग, गंगोत्री, थराली, डीडीहाट और पिथौरागढ़ विधानसभा सीटों का परिणाम सबसे देर में आने की संभावना जताई जा रही है। सबसे पहले परिणाम ज्वालापुर और किच्छा विधानसभा का आने की संभावना है।

लालकुआं सीट से हारे पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत

पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत लालकुआं सीट से हार गए हैं। यहां इन्‍हें 14 हजार वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है।
यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Election Result 2022: उत्तराखंड के कांग्रेसी दिग्गज हरीश रावत को इन कारकों ने किया धराशायी

भगवा गुलाल से एक दूजे को रंग रहे कार्यकर्त्ता

देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्त्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मना रहे हैं। मुख्यालय परिसर में कार्यकर्त्ताओं की भीड़ उमड़ी हुई है। महापौर सुनील उनियाल गामा, खजानदास, नरेश बंसल कार्यकर्त्ताओं के साथ झूमे। भगवा गुलाल से कार्यकर्त्ता एक दूजे को रंग रहे हैं। विभिन्न जगहों से भाजपा के झंडे और मिठाई लेकर कार्यकर्त्ता मुख्यालय पहुंच रहे हैं।

विकासनगर सीट से मुन्‍ना सिंह चौहान जीते

देहरादून जिले की विकासनगर सीट से मुन्‍ना सिंह चौहान ने भी जीत हासिल कर ली। वहीं रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलते देख राजधानी देहरादून सहित पूरे राज्‍य में कार्यकर्ताओं में जश्‍न का माहौल है। देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर जमकर डांस किया।

 

खटीमा से सीएम धामी पीछे, बाजपुर से यशपाल आर्य आगे

ऊधम सिंह नगर में मतगणना जारी है। बाजपुर से यशपाल आर्य आगे चल रहे हैं, जबकि खटीमा सीट से तीसरे राउंड में एक हजार से अधिक सीटों से सीएम धामी पीछे चल रहे हैं। रुद्रपुर में कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा आगे चल रही हैं। सितारगंज से भाजपा प्रत्याशी सौरभ बहुगुणा आगे चल रहे हैं। किच्छा से कांग्रेस प्रत्याशी तिलक राज बेहड़ पीछे हो गए हैं, भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला आगे चल रहे हैं। गदरपुर से अरविंद पांडे आगे चल रहे हैं। जसपुर से कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

 

लोहाघाट, प्रतापनगर और यमुनोत्री सीट का परिणाम आया

सीटों पर नतीजे आने शुरू हो गए हैं। लोहाघाट सीट से कांग्रेस प्रत्‍याशी खुशाल सिंह अधिकारी, प्रतापनगर से कांग्रेस के प्रत्‍याशी विक्रम नेगी और यमुनोत्री से निर्दलीय प्रत्‍याशी संजय डोभाल ने जीत दर्ज कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here