देहरादून: देशभर के साथ उत्‍तराखंड में भी होली का खुमार चढ़ा हुआ है। गुरुवार रात भर होली की गीतों पर थिरकने के बाद मस्‍तों की टोली शुक्रवार की सुबह रंग खेलने और एक-दूसरे को बधाई देने निकल पड़ी। वहीं इससे पहले गुरुवार को द्रोणनगरी में भद्रा पुंछ में होलिका दहन के साथ ही बुराई को त्यागने का संकल्प लिया गया।

होलिका दहन के बाद चारों तरफ उल्लास और जश्न शुरू हो गया। एक-दूसरे को बधाई देने के दौर के साथ होली का खुमार छाने लगा है। दून में होलिका दहन गुरुवार रात नौ बजकर छह मिनट से 10 बजकर 16 मिनट तक भद्रा पुंछ में किया गया। इससे पूर्व दिनभर लोग होलिका की पूजा करते रहे। शुक्रवार को दून में चारों ओर अबीर-गुलाल उड़ रहा है और रंगीन छटा बिखर रही है।

गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं ने होलिका पूजन और शाम को होलिका दहन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने घर-परिवार में सुख-शांति बनाए रखने की कामना की। होलिका पूजन एवं होलिका दहन के दौरान काफी संख्या में लोग परिवार सहित उपस्थित रहे।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में होलिका दहन के लिए जगह-जगह लकड़ी एकत्रित की गई। होलिका पूजन के लिए दौरान श्रद्धालुओं ने रोली, नारियल, बताशे, अनाज की बालियां, कई प्रकार के पकवान, धूप, दीप, फल आदि होलिका को अर्पित करते हुए एक लोटा जल और कच्चा सूत लपेटते हुए सात परिक्रमा की।

कई श्रद्धालुओं ने मान्यतानुसार गोबर के उपलों की चार मालाएं भी चढ़ाई। सुबह से लेकर दोपहर तक होलिका पूजन का सिलसिला जारी रहा। वहीं शाम होने पर जगह-जगह होलिका दहन किया गया। होलिका दहन स्थल पर लोग अपने परिवार के साथ पहुंचे। इस दौरान कई जगह आतिशबाजी भी की गई, जबकि कई जगहों पर होलिका दहन स्थल के पास डीजे लगाकर लोग होली के गीतों पर थिरकते भी दिखाई दिए।

होली के त्योहार पर मसूरी पर्यटकों से गुलजार हो गई है। होली के साथ शनिवार व रविवार की छुट्टी के चलते देशभर से पर्यटक होली मनाने के लिए मसूरी पहुंच रहे हैं। गुरुवार शाम तक पर्यटन नगरी के अधिकतर होटल व गेस्ट हाउस फुल हो चुके थे। पर्यटकों का लगातार मसूरी पहुंचना जारी था।

होली के साथ शनिवार और रविवार पड़ने के चलते देशभर से पर्यटक गुरुवार को ही मसूरी की ओर उमड़ने लगे। शहर के लाइब्रेरी व कुलड़ी बाजार, चार दुकान, लालटिब्बा, कंपनी गार्डन, गनहिल, भट्ठा फाल, कैम्पटी फाल, जार्ज एवरेस्ट और समीपवर्ती बुरांशखण्डा व धनोल्टी पूरे दिन पर्यटकों से गुलजार रहे।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार शाम तक मसूरी के अधिकांश होटलों में पर्यटकों की आक्युपेंसी 70 से 80 प्रतिशत रही। उन्होंने बताया कि 18 व 19 मार्च को आक्यूपेंसी शतप्रतिशत होने की उम्मीद है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार गोयल ने बताया कि होली की छुट्टियों में मसूरी पर्यटकों से पैक होने की पूरी संभावना थी। इसके लिए होटल व्यवसायियों ने पहले ही पूरी तैयारी कर ली थी। गुरुवार को लाइब्रेरी-किंक्रेग मार्ग और गांधी चौक पर दिनभर जाम की स्थिति भी बनी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here