उत्तरकाशी: अक्षय तृतीया पर्व पर आज आज से चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। मंगलवार को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही आस्‍था के इस महापर्व की विधिवत रूप से शुरूआत हो जाएगी। कपाटोद्घाटन के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की फूलों से भव्य सजावट की गई है।

मंगलवार सुबह 6:30 बजे डोली गंगोत्री के लिए रवाना हुई और सुबह ठीक 11:15 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। वहीं, मां यमुना की डोली मंगलवार सुबह शीतकालीन पड़ाव खरसाली से रवाना हुई और दोपहर 12:15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। वहीं इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को खोले जाएंगे। जबकि, बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को खोले जाएंगे हैं।

गौरतलब है कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के कोविड नेगेटिव जांच रिपोर्ट की अनिवार्यता नहीं है। केवल आनलाइन या आफलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। चार धाम यात्रा के लिए सोमवार तक 431809 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा 153745 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। यमुनोत्री के लिए 73441, गंगोत्री के लिए 75698 व बदरीनाथ के लिए 125347 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। श्री हेमकुंड साहिब के लिए 3578 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण किया है।

उत्तरकाशी जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीन मई को हर्षिल हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार से गंगोत्री धाम पहुंचेंगे और कपाटोद्घाटन में प्रतिभाग करेंगे।

चारधाम यात्रा शुरू होने को लेकर गंगोत्री और जानकी चट्टी में बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे हैं। गंगोत्री धाम में करीब तीन हजार और जानकी चट्टी में करीब दो हजार यात्री पहुंच चुके हैं। गंगोत्री धाम के मंदिर को 15 कुंतल फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है, जबकि यमुनोत्री धाम के मंदिर को तीन कुंतल फूलों से सजाया गया है।

मंगलवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने तय हैं। इसे लेकर दोनों धामों के विभिन्न पड़ावों पर भी यात्रियों की चहलकदमी बढ़ गई है। सबसे अधिक चहलकदमी गंगात्री धाम, भैरव घाटी, हर्षिल, धराली, झाला, जसपुर, नेताला, उत्तरकाशी, बड़कोट, खरसाली, स्याना चट्टी, जानकी चट्टी पड़ाव पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here