धारचूला/पिथौरागढ़:  मुनस्यारी की ग्राम पंचायत पातों में हेलिकॉप्टर के इंतजार में एक गर्भवती ने खेत में बच्चे को जन्म दे दिया। करीब दो घंटे बाद हेलिकॉप्टर मेडिकल टीम के साथ पहुंचा। जांच के बाद टीम ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद हेलिकॉप्टर महिला को लेकर पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचा, जहां महिला का इलाज चल रहा है। परिजन और जिला पंचायत सदस्य के मुताबिक करीब दो घंटे देरी से हेली पहुंचा।

मुनस्यारी ब्लॉक के पातों गांव निवासी लक्ष्मी देवी (25) पत्नी श्याम सिंह दरियाल को शनिवार को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। इस पर लोगों ने विधायक को फोन पर मामले की जानकारी दी। विधायक हरीश धामी ने प्रशासन को फोन किया जिसके बाद हेलिकॉप्टर को पातों गांव भेजा गया। हेली सेवा के इंतजार में महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इस दौरान महिला ने खेत में बच्चे को जन्म दे दिया। वहां मौजूद आशा कार्यकर्ता खीला देवी ने बताया कि गर्भ में बच्चा उल्टा फंस गया था जिसे बड़ी मुश्किल से निकाला गया। करीब दो घंटे बाद हेलिकॉप्टर मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचा। जांच के बाद टीम ने मौके पर नवजात को मृत करार दे दिया।

फिर हेली से महिला को पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की हालत में अब सुधार है। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया का कहना है कि अगर हेली सेवा समय से मिल जाती तो नवजात को बचाया जा सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here